India EV Market: दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी BYD ने भारत में एक नया कदम बढ़ाया है। कंपनी ने तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में, हैदराबाद से करीब 60 किलोमीटर दूर, अपना नया उत्पादन संयंत्र स्थापित करने की योजना बनाई है। इसी के साथ, BYD ने एक नई चार्जिंग प्लेटफ़ॉर्म की घोषणा भी की है, जो इलेक्ट्रिक वाहनों को सिर्फ 5 मिनट में पूरी तरह से चार्ज करने का दावा करता है। यह एक क्रांतिकारी कदम है, जो भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन बाजार का चेहरा बदल सकता है।
भारत में इलेक्ट्रिक वाहन की बिक्री में कमी
हालांकि, भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री अभी भी बहुत कम है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फरवरी महीने में भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में 1.9% की गिरावट आई है और महज 1,39,025 यूनिट्स ही बेचे गए। वहीं, महीने दर महीने की तुलना में यह गिरावट 18.2% रही है। भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री को बढ़ावा देने में सबसे बड़ी रुकावट इनकी चार्जिंग में लगने वाला समय है।

चार्जिंग की समस्या: समय और सुविधाओं की कमी
भारत में फिलहाल इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने में 30 मिनट से लेकर 8-12 घंटे तक का समय लगता है, जो चार्जिंग स्टेशन की क्षमता पर निर्भर करता है। ऐसे में, BYD का 5 मिनट में चार्जिंग करने का दावा भारतीय बाजार के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है। BYD का सुपर ई प्लेटफ़ॉर्म 1,000 kW तक की अल्ट्रा-फास्ट चार्जिंग स्पीड देने की क्षमता रखता है, जो फिलहाल चीन में उपलब्ध है। हालांकि, भारत में इस तरह की तेज़ चार्जिंग सुविधा का अभाव है।
भारत में चार्जिंग की धीमी स्पीड
भारत में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन 7kW तक की चार्जिंग स्पीड देते हैं, जिसके लिए बैटरी को पूरी तरह चार्ज करने के लिए रातभर का समय लग जाता है। इसके अलावा, पब्लिक DC फास्ट चार्जर्स का भी इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन यह स्पीड इतनी तेज़ नहीं है। इन चार्जर्स की स्पीड 50kW से लेकर 120kW तक होती है, और इस स्पीड से भी पूरी चार्जिंग में 2-3 घंटे लग सकते हैं। कुछ भारतीय कारें तो 50/70 kW से ज्यादा फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट नहीं करतीं। ऐसे में, BYD का पांच मिनट में चार्जिंग का दावा भारत में फिलहाल बहुत कारगर नहीं हो सकता है।